रविवार, 19 जून 2016

पितृत्व -

*
नहीं,
मैं नहीं एकान्त निर्मात्री,
इस सद्य-प्रस्फुट जीवन की,
रचना मेरी, आधान तुम्हारा
सँजो कर गढ़ दिया मैंने नया रूप .
प्रेय था!


पौरुष का माधुर्य छलक उठा जब
नयनों में वात्सल्य बन,
जैसे चाँदनी में नहाई बिरछ की डाल,
स्निग्ध कान्ति से दीप्त तुम्हारा मुख!
मुग्ध हो गई मैं .


कृतज्ञ दृष्टि कह गई-
'जहाँ मैं अगुन-अरूप-अव्यक्त रहा,
तुमने ग्रहण किया.
प्रतिष्ठित कर दिया मुझे!
अपने से पार
पुनर्जीवन पा गया मैं,
तुम्हारे रचे प्रतिरूप में! '


सृष्टि का श्रेय आँचल में समाये
मुदित परितृप्ति का प्रसाद,
मिल गया मुझे,
और देहानुभूतियों से परे,
मन की विदेह-व्याप्ति!

*
- प्रतिभा.

सोमवार, 6 जून 2016

लेखन और नारी

*
रचनात्मकता का पर्याय है नारी ,
प्रकृति ने दिया सृजन का वरदान -
नेहामृत से सींच  ,भावनाओं से पाग
नेह-मोह के सूत्रो से संचार
नित नये स्वरूप सजा रंगभूमि पूरे    
 कि अभिनय क्रम टूटे नहीं  ,
 लीला अविराम चले !
*
सब कुछ अनायास ,
सरल-सहज-संगत,
कोई शिकायत नहीं,
मन में प्रतीति लिये
निर्द्वंद्व सहचर  भाव.
नैसर्गिक जीवन.
शान्ति, सहयोग ,अपनत्व आश्वस्ति भरा .    
*
 

    होने लगा पौरुष का भान ,
 सर्वश्रेष्ठ मैं समर्थ .जागा अभिमान
  स्वामी हूँ, कर्ता हूँ ,धरता हूँ भार
 सेवा-सुविधा का अधिकारी विशेष.  .
 नियमन-नियंत्रण के रहें प्रतिमान
 सारी व्यवस्था हो मेरेअधीन
रीति-नीति मान-मर्यादा, व्यवहार
*
शान्ति रहे ,
संसृति न बाधित  हो 
 तुष्टि रहे ,पुष्टि रहे
सुख से समष्टि रहे
चलता रहे गति का  सम  .
समझौता करने में
कौन फ़रक पड़ता है
बात एक ही है 
तुम और मैं मिल हो गये एक - हम ,
*
लेकिन
बात एक कहाँ ?
श्रेय सिर्फ़ स्वामी को मिलता है !
अनुसारी आज्ञा पर चलता है.
भार मैं लिये हूँ,  तुम आश्रय पाती हो
गाती रहो  माँडने सजाती रहो
रहो अनुकूल ,सदा यों ही निभाती रहो,
हो कर समर्पित ,चैन की धुन बजाती रहो .
*
कभी मन मचलता है ,
कुछ कहने देने को अंतस् उबलता है
 मौन नहीं रहता आवेग मुखर होता जब
 बिखर-बिखर जाता  
 कभी चक्की के पाटों सँग ,थकी हुई  रातों में ,
 करुण-मधुर, सुख-दुख के गीत बना
कुछ भी न कह भी बहुत कुछ जताती रही!
 हृदय  भर आये  तो रोती और गाती रही.
हँसा - तभी तो दुर्बलता नाम नारी है .
औरत है ,रोने की आदत है ,
 सोच-समझ कहाँ ,अक्ल से तो अदावत है.
*

एक प्रश्न पूछूँ नर -
कल्पना-कथायें गढ़ लेना है और बात,
 सचमुच संवेदना के साथ निभा पाये क्या ?
 घेर कर दिवारें कभी बना तुम पाये घर ?
शिशु के भिगोये में सोये हो रात भर ?
कन-कन बटोर कभी राँध कर खिलाया,
 भूखे बालक को  कभी नेह भऱ हँसाया ?
लगातार कमियों से जूझे चुपचाप कभी
या कि सब झमेला छोड़ कर गये पलायन 
खोल लिये नये द्वार, नये वातायन?
*
 रोशनी में लाये कौन,
 देखे बिना माने कौन
 सुविधा,और साधन सभी तो तुम्हारे
 ये फैली हुई धरती और  खुला हुआ आसमान.
 किन्तु हर ओर घात ,देखो रे खोल आँख 
 सूचना उसी के लिये -  
 - 'सावधान , सावधान !'    
सच-सच बताओ, अपने समान माना कभी?

व्यक्ति और व्यक्ति का संबंध - पहचाना कभी?
*
कैसा प्रकाशन, हर ओर गिद्ध और बाज़,
केवल अँधेरा पाख ,कहाँ नहीं सौदेबाज़,
 भाँप रहे - कौन चाल चलें, हो जायें निहाल.
शर्तें हज़ार , रपटीली है सारी डगर,
 नारी के लेखन पर ,लगे बड़े मगर-अगर !
 *
- प्रतिभा सक्सेना.

( यह पोस्ट पहले प्रकाशित हुई थी किन्तु किसी त्रुटि के कारण  ग़ायब हो गई अतः पुनः डाल रही हूँ - जो बहुमूल्य टिप्पणियाँ इस पर  अंकित थीं , मुझे दुख अहै कि यहाँ अप्राप्य हैंं .
मैं उनके  लिये  क्षमा प्रार्थी  हूँ .- प्रतिभा. .)

सोमवार, 15 फ़रवरी 2016

रुकी हूँ अभी

*
घुट कर रह जाते शब्द, ,
व्यक्त नहीं होते मनोभाव - 
मैं तुम्हें श्रद्धाञ्जलि कैसे दूँ ?
*
पल-पल मनाया था -
 जीत जाओ काल से ,
तुम - जिसने हाड़ गलाते हिम झंझाओँ में
झोंक दिया था जीवन -
तन, यौवन सारे सपन ,
परिणीता का सुहाग , पुत्री का वत्सल-प्रेम ,
जननी-जनक का आसरा .
 *
सिर पर कफ़न बाँध
कैसे जिये होगे उन मरणान्तक दुर्गमों में,
 कि दुश्मन के पाँव छू न सके हमारी मातृ-भू .
*
स्तब्ध रह जाती हूँ सोच कर -
आज को तुम होते.....
 कैसे झेल पाते ,
यहाँ चल रही घातें
धूर्तों की करतूतें,
देश-द्रोहियों की जमातें ?
*
जूझे तुम जिन दुश्मनों से
उन्ही के पिट्ठू और उन के आका,
 यहीं बैठे हैं ठाठ से नमक हरामी,
तुम्हारे किये धरे पर पानी फेरते
 षड्यंत्र रचते ,इस धऱती की  बर्बादी के.
दूध पी-पी कर ये जहरीले साँप
 विष-वमन करते अबाध  घूम रहे चारों ओर !,
और यहाँ बसे  कायर ?
हाथ पर हाथ धरे देखे जा रहे जैसे कोई तमाशा !
 क्या-क्या बताऊँ  तुम्हें ,और कैसे ?
*
 नहीं अभी नहीं ,
तुम्हारी निष्ठा को नमन करते शब्द जागे नहीं अभी.
 लोक में  भावों का बड़ा अभाव  है .
चेत जाये मन  ,
एक झटके से आँख खुल गई हो  ज्यों ,
तन्द्रा से जाग 
 अँगड़ाई  ले  अलस पड़ा तन
ऊर्जस्वित हो उठे देश का यौवन. 
कुछ कर डालने को तत्पर .
*
रुकी हूँ कि ये विष- बेलें कट जायें ,
इस धरती के कलंक मिट जायें
वातावरण स्वच्छ , दृष्टियाँ स्वस्थ  ,
और मन निस्वार्थ निश्छल.
तब हे परमवीर ,(शायद किसी दूसरे जनम मे),
अर्पण करने आऊँगी

तुम्हारी प्रतिष्ठा में
अंतःस्रजित भावाञ्जलियाँ सजल !
*
- प्रतिभा सक्सेना.

बुधवार, 18 नवंबर 2015

साँझ - चिरैया.


साँझ-चिरैया उतरती अपने पंख पसार,
जल-थल-नभ में एक सा कर अबाध संचार.
मुट्ठी भर-भर कर गगन दाने रहा बिखेर,
 उड़ जायेगी देखना चुन कर बड़ी सबेर.
श्यामल देह पसार कर रचती रूप अपार
 सब पर टोना कर रही मूँद दिशा के द्वार.
आँखों में भर मोहिनी सभी ओर से घेर,
डाली  माया नींद की फैला कर अँधेर .
 तम के पट में रात भर चलता वामाचार,
 अंजलि भर भर छींटती शाबर मंत्र उचार.

 कामरूपिणी भैरवी, विचरे परम स्वतंत्र
रही साधती पूर कर चक्र, अघोरी तंत्र.
भ्रष्ट योगिनी भटकती धरती के हर छोर
 फेरा देती नित्य ही, टिकती किसी न ठौर  .
मोहन-मारण साधती, करती नये प्रयोग
रातों की चादर तले नित नवीन संजोग. 
मुँह लटका, हतप्रभ हुआ मौन रहा है हेर ,
सारा  आँगन छोड़, जा बैठा चाँद मुँडेर !

मंगलवार, 13 अक्टूबर 2015

कुछ लोकरंग देवी को अर्पण -

*
मइया पधारी मोरे अँगना,
मलिनिया फुलवा लै आवा,
*
ऊँचे पहारन से उतरी हैं मैया,
छायो उजास जइस चढ़त जुन्हैया.
रचि-रचि के आँवा पकाये ,
 कुम्हरिया ,दीपक के आवा.
*
सुन के पुकार मइया जाँचन को आई  ,
खड़ी दुआरे ,खोल कुंडी रे माई !
वो तो आय हिरदै में झाँके ,
घरनिया प्रीत लै के आवा ,
*
दीपक  कुम्हरिया ,फुलवा  मलिनिया   ,
चुनरी जुलाहिन की,भोजन किसनिया.
मैं तो  पर घर आई - 
दुल्हनियाँ के मन पछतावा.
*
 उज्जर हिया में समाय रही जोती .
रेती की  करकन से  ,निपजे रे   मोती.
काहे का सोच बावरिया,
मगन मन-सीप लै के आवा !
हिया जगमग हुआ जावा !
*



सोमवार, 5 अक्टूबर 2015

अन्तर -

(यह कविता आप सबसे शेयर करना चाहती हूँ -
 रचनाकर्त्री को आभार सहित - प्रतिभा.)

*
    हम भिंचे हैं दो पीढ़ियों के बीच
    बुरी तरह ।


    पुरानी पीढ़ी की आशाओं को फलीभूत करने में
    बिता दी उम्र सारी ।
    उनके आदेशों को शिरोधार्य करते रहे ,
    जीते रहे ,लगभग जैसा चाहा उन्होंने ।
      भागीदार बनाया उन्हें जीतों में , हारों में ।

*
      पर आज का ये धर्म-संकट !
      दिखाता है कुछ नया रंग,  नया ख़ून ।
      नई माँगें , नये मानदण्ड,
      कुछ उचित , कुछ अनुचित ।

      एक बड़ा सा प्रश्नचिह्न , प्रतिक्षण , प्रतिपल
      मुँह फाड़े खड़ा है ।

*
    
      नीवें  हिलने सी लगी हैं ।
      क्या घर को बनाए रखने के लिये
      हम समझौते ही करते जाएँगे ?
      हाय ! कैसी विडम्बना है यह भाग्य की ?
                    *******
                              पुष्पा सिंह राव
                                      मुम्बई

   

शनिवार, 19 सितंबर 2015

अनंग गंध

गंध-मुग्ध मृगी एक निज में बौराई,
विकल प्राण-मन अधीर भूली भरमाई .
कैसी उदंड गंध मंद नहीं होती,
जगती जो प्यास ,पल भर न चैन लेती .
*
भरमाती-भुलाती सभी भान डुबा लेती,


गुँजा रही प्राण मन  एक धुन अनोखी 
 मंत्रित-सी भाग चली  ,शूल-जाल घेरे ,
कौन दिशा ,कौन दशा, कौन पंथ हेरे !
*


रुक-रुक के टोहती ,ले घ्राण पवन झोंके
शायद वह उत्स बना केन्द्र यहीं होवे.
एक ही अबंध-गंध रह रह के टेरे
मोह-अंध  दिशा-भूल फिर-फिर दे फेरे .
*
चले आ रहे अमंद झोंक कस्तूरी
कैसी ये खोज कभी हो न सके  पूरी ,
चैन नहीं ,नींद नहीं, थिर न मन कहीं रे ,
कैसी उतावल पग पड़े नहीं धीरे .
*
एक अकुलाहट हर साँस-साँस घेरे
हरिनी री , जाने ना जो दुरंत घेरे .
ये अनंग गंध  नहीं कहीं त्राण देगी ,
रूँधेगी बोध सभी, खींच प्राण लेगी !
*
गंध की तरंग किये सभी भान गूँगे
बावली री रुक जा, निज घ्राण कौन सूँघे .
पाने की चाह कभी हुई कहाँ पूरी,
सारी ही खोज रह जायगी अधूरी !
*