नेह भर सींचो कि मैं अविराम जीवन-राग दूँगा .
*
हरित-वसना धरा को कर ,पुष्प फल मधुपर्क धर कर
बदलते इन मौसमों का शीत-ताप स्वयं वहन कर
पंछियों की शरण बन कर ,जीव-धारी की तपन हर ,
वृक्ष हूँ मैं व्रती ,पर-हित देह भी अर्पण करूँगा .
*
गीत-गुंजन से मुखर कर वीथियों को और गिरि वन
प्राण के पन से भरूँगा जो कि माटी से लिया ऋण
मैं प्रदूषण का का गरल पी ,स्वच्छ कर वातावरण को
कलुष पी पल्लवकरों से प्राण वायु बिखेर दूँगा .
*
लताओं को बाहुओँ में साध कर गलहार डाले ,
पुष्पिता रोमांचिता तनु देह जतनों से सँभाले ,
रंग दीर्घाएँ करूँ जीवंत अंकित कूँचियाँ भर,
स्वर्ग सम वसुधा बने, सुख-शान्ति-श्री से पूर दूँगा !
*
तंतु के शत कर पसारे , उर्वरा के कण सँवारे ,
नेह भीगे बाहुओं से थाम कर तृणमूल सारे
मूल के दृढ़ बाँधनों में खंडनों को कर विफल
इन टूट गिरते पर्वतों को रोक कर फिर जोड़ लूँगा .
*
जलद-मालायें खिंचें, आ मंद्र मेघ-मल्हार गायें ,
अमिय कण पा बीज, शत-शत अंकुरण के दल सजायें,
धरा की उर्वर सतह को सींच कर मृदु आर्द्रता से ,
पास आते मरुथलों को और दूर सकेल दूँगा .
*
रूप नटवर धार करते कुंज-वन में वेणु-वादन
जल प्रलय वट- पत्र पर विश्राम रत हो सृष्टि-शिशु बन
तरु खड़ा जो छाँह बन वात्सल्यमय अग्रज तुम्हारा
मैं कृती हूँ ,नेह से भर, सदा आशिर्वाद दूँगा !
.
नेह भर सींचो कि मैं अविराम जीवन राग दूँगा .
*****