सोमवार, 14 जुलाई 2014

पानी बाबा आया.

* 
 भूरे रुएँ ,धुएँ सा तन   , पानी बाबा आया !
*
नई फसल  काँधे पर लादे,  बुँदियाँ बट-बट डोरी बाँधे   ,
टूटे-फूटे दाँत निपोरे ,दसों पोर  पानी में  बोरे ,
छींटे उड़ उड़ पड़ते  ,हँफ़नी से यों भर आया !
* 
चढी साँस खींचे , झुक झुक के  चले बाय का मारा,
जटा जूट बिखरा ऊपर से, लथपथ  बेचारा ,
बूढ़-पुरातन मनई, डोले सलर-बलर काया !
*
हिलता-डुलता भारी भरकम, कहीं रुका सा ले लेता दम ,
लाठी टेक कहीं , झटका दे टार्च फेंकता एकदम.
बज्जुर बादल गरज- तरज,  तीखा कौंधा  छाया ! 
*
उमड़ -घुमड़ कर बोले अपने  अगड़म-बगड़म बोल,
करता गड़ड़-गड़ड़ गम, थम-थम जैसे बाजे ढोल .
ठोंक बजा कर पाँव बढ़ाता ,  सबको  भरमाया !

*
 झल्ली भर भर  आम, पल्लियाँ भर भुट्टे-ककड़ी ,
फूले हुए फलैंदे जामुन, हरी साग गठरी, .
अँगना  भर नाती-पोते , छू-छू कर दुलराया !
*

अन-धनवाली झोली खाली, में हरियाली भर दी,
मोर-नाचते बूटों वाली हरी  चुनरिया धर दी .
टर्र-टर्र दादुर , पी-पी  पपिहे  ने गुहराया !
*
मटियाले पानी में , हाथ घँघोता छोटा लल्ला,
बौछारों में भीगे ,भागे- कूद मचाए हल्ला -

'निकल आओ रे , ये कागज़ की नाव चली  भाय्या' !
*

आज जुड़ाई  दरकी छाती ,कब की सूखी- रूखी धरती, 
रोम-रोम हरसाया, सुख पा, नैन-तलैयाँ सरसीं. 
माटी में  सोंधी भभकन , हर झोंका  पछुआया !

*
नेहा-मेहा लाया रे,  पानी बाबा आया !

*

सोमवार, 7 जुलाई 2014

शब्द-दर्पण

*
वही बावन अक्षर .
गिनी-चुनी मात्राएँ और
थोड़े से विराम चिह्न .
शब्द भी  कोश में संचित,अर्थ सहित.
 सबके पास यही पूँजी.
*
आगे सब-कुछ भिन्न ,
 हाथ बदला कि -
व्यंजनों के स्वाद बदले ,

स्वरों के राग बदले.
वही चेत -
कितने  रूपों, कितने रंगों में,
कितने प्रसंगों में:
और सारा का सारा प्रभाव ,
एकदम भिन्न !
*
विषय को छोड़,
व्यक्ति को
लिखने लगती है भाषा.
सारे आवरण धरे रह जाते हैं .
वही शब्द, कुछ कहते
कुछ और कह जाते हैं ,
मनोजगत का सारा एकान्त ,
बिंबित कर ,
दर्पण बन जाते हैं !
*

शनिवार, 28 जून 2014

पुनर्नवा

( यहाँ आज प्रस्तुत कर रही हूँ ,यह कविता 'पुनर्नवा' पूर्व-रचित है .)
*
दर्पण नहीं
स्वयं को देख रही हूँ
तुम्हारी आँखों से !
नई-सी लग रही हूँ ,
ऐसे देखा नहीं था कभी
अपने आप को .
*
तुम्हारी दृष्टि से आभासित ,
मोहक सी उजास
धूप-छाँह का सलोनापन
स्निग्ध हो छा गया
झेंप-झिझक  भरे मुखमंडल पर !
*
ये आनन्द-दीप्त लोचन मेरे हैं क्या ?
नासिका, होंठ ,धुले बिखरे केश ,
मांग की सिन्दूरी रेख ,

माथे पर कुछ बहकी-सी,
बिंदिया पर विहँसती :
 ऐसी हूँ मैं !
*
जानती नहीं थी .
निहारना अपने आप को !
देखती थी दर्पण 
ज्यों  परीक्षण कर रही होऊँ
सावधान सजग होकर .
पर, आज अभिषेक पा रही हूँ
दो नयनों के नेह- जल का,
पुलकित हो उठा रोम रोम !
*
तुम्हारी आँखों से अपने को देखना ,
एक नया अनुभव ,
नई अनुभूति जगा गया .
लगा स्वयंको पहली बार देखा ,
उत्सुक नयन भर .
लगा जैसे इस मुख की याद है ,
पर देख आज पा रही हूँ !
*
तुम्हारी दृष्टि ने
कोमलता का रेशमी आवरण
ओढ़ा दिया मुझे.

कुछ विस्मित-सा कुतूहल
समा गया मेरे भीतर.
स्वयं को देखा -
तुम्हारी निर्निमेष मुग्ध चितवन ,
चिर-पुनर्नवता रच गई मुझमें !

*

बुधवार, 11 जून 2014

गंगा को बहने दो अविरल.

*
निर्मल-निर्मल ,उज्ज्वल-उज्ज्वल ,गंगा को बहने दो अविरल !
गिरिराज हिमालय की कन्या , नित पुण्यमयी प्रातःवंद्या,
यह त्रिविध ताप से व्यथित  धरा ,उतरी आ कर बन ऋतंभरा.
अंबर-चुंबी शृंगों से चल ,भर  नभ-पथ का पावन हिम-जल !
*
जैसे कि फले हों सुव्रत-सुकृत,हम ऋणी ,कृतज्ञ ,हुए उपकृत ,
गिरिमालाओं से अभिषिक्ता ,वन-भू की दिव्यौषधि सिक्ता .
शत धाराओं से भुज भर मिल , कर रही प्रवाहित नेह तरल !
*
जो हरती रहीं कलुष-कल्मष ,इन लहरों में अब घुले न विष ,
तीरथ हैं सुरसरि के दो तट , इस ठौर न हों अब पाप  प्रकट.

श्रद्धा-विश्वास पहरुए हों , आस्थामय कर्म बने प्रतिफल !
 *
अपने तन-मन की विकृति कथा ,दूषणमय जीवन की जड़ता , 
इस तट मत लाना बंधु, कभी, जल में न घुलें संचित विष-सी,
चिर रहे प्रवाहित पावन जल, गंगा को बहने दो निर्मल !
*

निर्मल-निर्मल,उज्ज्वल-उज्ज्वल,बहने दो जल-धारा अविरल !
*

सोमवार, 19 मई 2014

मंगलमय हो !

    युग की करवट
        *
        देख रही हूँ अपनी आँखों ,
        युग को करवट बदलते.
        कितना शोर था
        कीचड़ में उछलते लोग
        शोर ,छींटे ,बौखलाहटें ,
        कितनी बार ,कितने रूप ;
        और हर बार
        और,और गिरावट .
        *
         उठा था कभी 

         एक परिव्राजक का शंखनाद -
        "नया भारत निकल पड़े मोची की दुकान से,
        भड़भूँजे के भाड़ से, कारखाने से, हाट से, बाजार से;
        निकल पडे झाड़ियों, जंगलों, पहाड़ों, पर्वतों से।"
        झकझोर दिया था जिसने जन-मानस !
        वह नरेन्द्र #था .
        *
        धार वही नामाक्षर
        मिल गया  प्रत्युत्तर .
        निकल आया
        हाट से, बाज़ार से,
        सामान्य ही विशिष्ट बन,
        माँ के प्रकाश -स्नान हेतु.
        अपरिग्रही जीवन की आरती लिए !     

    *
        लक्ष-लक्ष करांकित सहस्रमाली
        अश्व-वल्गाएँ सँभाल,
        रथ-चक्रों से तमस् विदारता ,
        स्याही के धब्बे खँगारता,
        रोशनाई घोल  लिख दे ,
        नये युग का उपोद्घात !
        *
        शमित  हों सारे  उत्पात ,
        निर्मल हो गगन ,वायु ,
        क्षिति ,जल-प्रवाह.
        जाग उठे नया  विश्वास ,
        शुभमय हो , मंगलमय ,
        अरुणोदय का नया उजास !
        *
        (# नरेन्द्र-स्वामी विवेकानन्द)
     -  प्रतिभा सक्सेना

      सोमवार, 12 मई 2014

      छापे माँ तेरे हाथों के

      ( जीवन-धारा के प्रवाह में माँ के साथ जिये हुए  तरल-सरल अंतरंग पल ,  पुत्री   के स्मृति-भँवर में  अनायास उमड़ कर कुछ करुण-मधुर  संवेदनाएं जगा जाते हैं.  उसी की अभिव्यक्ति ,मेरी मित्र श्रीमती शार्दुला नोगजा रचित यह  कविता , सहयोगी जनों के आस्वादन हेतु प्रस्तुत है -)

          
        छापे माँ तेरे हाथों के  - 
       

      कोहबर की दीवारों जैसे 
      मेरे अन्तर के आँगन में ,
      धुँधले से, पर अभी तलक हैँ 
      छापे माँ तेरे हाथों के !
      *
      कच्चे रंग की पक्की स्मृतियाँ 
      सब कुछ याद कहाँ रह पाता ,
      स्वाद, खुशबुएँ, गीतों के स्वर
      कतरे कुछ प्यारी बातोँ के !
      *
      हरदम एक मत कहाँ हुये हम ,
      बहसों की सिगड़ी में तापीं 
      दोपहरों के ऋण उतने ही  
      जितने स्नेहमयी रातों के!
      *
      छापे माँ तेरे हाथों के, 
      कतरे कुछ प्यारी बातोँ के !
      *
      सादर 
      शार (शार्दुला) .
      ११ मई '१४

      शुक्रवार, 9 मई 2014

      कृतारथ कर दिया ओ माँ !

      ( उस परम- जननी ने  नारी जन्म  दे कर  जो 'माँ' बनने का गौरव  प्रदान किया -    कृतज्ञता -ज्ञापन हेतु 'विश्व-मातृ-दिवस' पर अपनी एक पूर्व  कविता  प्रस्तुत करने  से स्वयं को रोक नहीं पा रही हूँ. ) 
      *
      सृजन की माल का मनका बना कर जो ,
      कि नारी तन मुझे देकर कृतारथ कर दिया ओ माँ !
      *
      सिरजती एक नूतन अस्ति अपने ही स्वयं में रच
      इयत्ता स्वयं की संपूर्ण वितरित कर परं के हित
      नए आयाम सीमित चेतना को दे दिए तुमने
      विनश्वर देह को तुमने सकारथ कर दिया, ओ माँ !
      *
      बहुत लघु आत्म का घेरा कहीं विस्तृत बना तुमने
      मरण को पार करता अनवरत क्रम, जो रचा तुमने
      कि जो कण-कण बिखरता, विलय होता, नाश में मिलता,
      नये चैतन्य का वाहन, पदारथ* कर दिया ओ माँ !
      *
      कि नारी तन मुझे देकर, कृतारथ कर दिया ओ माँ !
      *
      अमृतमय स्रोत जीवन का प्रवाहित कर दिया तन में,
      लघुत्तम जीवधारी को जनम-अधिकार दे तुमने.
      रहस्यों की गुहा में धर तुम्हीं साकार कर पाईं,
      जगा कर बीज-मंत्रों को यथारथ कर दिया ,ओ माँ !
       *

      - प्रतिभा.
      (*पदारथ = मणि)