शुक्रवार, 25 अप्रैल 2014

सहयात्री.

(एक बहुत पुरानी कविता कागज़ों में  दबी पड़ी रही , अब मिल गई तो  उसी रूप में यहाँ उतारे दे रही हूँ -)
*
सहयात्री -
रस्ते के कंकड़-पत्थर ,पग-पग की ठोकर ,
तपता आतप ताप और ये काँटे .
चलना है स्वीकार इन्हें कर .
काँटों का विष-वमन ,धूप की तपन,
 राह दुर्गम है !
नीरस जीवन भार  
 नेह को दो ही बोल सहज कर जाते ,
दो क्षण की मुस्कान सँजो लेते
  पथ के ये विषमय  काँटे ,
जग की मौन उपेक्षा,उपालंभ, आरोपण ,
तो फिर तोड़ न पाते
ओ सहयात्री, अपने नाते !
*
तेरी-मेरी एक कहानी ,
जहाँ नहीं रुकने का कोई ठौर-ठिकाना ,
उसी जगह से चरण चले थे.

पहला पग जब उठा
 राह बोली थी - आगे,आगे देखो.
एक-एक कर कितनी दूरी इसी तरह मप गई.
पथ के साथी ,
साथ छूटता पर पहचान शेष रह जाती ,
मन में उमड़-घुमड़ जाता व्यवहार स्नेह का ,
जीवन के आतप में जो छाया दे लेता .
*
कह लो कुछ, कुछ सुन लो ,
सूनापन बस जाए दो ही क्षण को :
आगे कितनी दूर अकेले ही जाना है
अपने पथ पर तुमको -हमको !
ओ सहयात्री,
तेरी-मेरी एक कहानी.
जग की कसक भरी रेती पर
जहाँ नहीं रह जाती कोई शेष निशानी .
दो क्षण की पहचान भटकते से चरणों की.
काल फेर जाएगा चापों पर फिर पानी !
*

सोमवार, 21 अप्रैल 2014

बटोहिया -

*
राह तीर पनघट पे गागर को धोय माँज,
सीस साधि  इँडुरी ,जल धारि पनिहारिया
पंथी से पूछि रही, 'कौन गाम तेरो ,
तोर नाम-काम कौन, कहाँ जात रे बटोहिया ?'
*
'जनम से चलो जात ,मरण की जातरा पे,
मारग में धूप-छाँह आवत-है जात है !
कोई छाँह भरो थान देखि बिलम लेत कुछू ,
कोई थान ,घाम- ताप गात अकुलात है !
बेबस चलो जात कोऊ रोके को दिखात नाहीं
मारग पे जात लोग साथ रे बटोहिया !
*
'जाने कहां ते ई धरती पे आय पड़्यो
जाने कइस ,जाने कहाँ ,जाने काहे जानो नाहिं
कोऊ नाहीं हुतो, कोऊ जान ना पिछान
खाली हाथ रहे दूनौ, आप हू को पहचानो नाहिं
मारो-मारो  फिरत हूँ  दुनियाँ की भीर
चलो जात हूँ अकेलो  कहात हूँ बटोहिया !
*
'साथ लग जात लोग ,और छूट जावत हैं
नाम मोय नायं पतो ,लोग धर दीनो है
जातरा में पतो कौन, आपुनो परायो कौन
सुबे से चलो हूँ संझा तक गैल कीन्हों है .'
पूछति है बार-बार कौतुक से भरी नार,
'पथ को अहार कहा लायो रे, बटोहिया?'
*
'माथे धरी पोटली में धर्यो करम को अचार ,
रोटी तो  पोय के इहाँ ही मोहे खानी है ।
मोह-नेह भरे चार बोल तू जो बोल रही 
ताप और पियास हरि जात ऐसो पानी है.'
'आगे को रँधान हेत करम समेट मीत,
बाँध साथ गठरी में गाँठ दै बटोहिया !'
*
राह अनबूझी  सारे लोग अनजाने इहाँ ,
आय के अकेलो सो परानी भरमात  है
वा की रची जगती के रंग देखि देखि मन
ऐसो चकियायो अरु दंग रहि जात है !
धोय-माँज मन की गगरिया में नेह  पूरि    
पल-पल  सुधि राख, जिन पठायो रे बटोहिया!'

*
'उहै ठौर जाए बे पूछिंगे कौन काम कियो ,
सारो जनम काटि, कहो लाए का कमाय के?'
 पनिहारी हँसै लागि , 'ऐ हू बताय देहु
बात को जवाब कइस देहुगे बनाय के ?
भूलि गयो भान  काहे भेजो हैं इहाँ पे ठेल
ओटन को लाय के  कपास रे बटोहिया!'
*

शुक्रवार, 11 अप्रैल 2014

सूपनखा का जन्म -

*
 होली आई होली आई ,बड्डू जी ने भाँग चढ़ाई .
जा बैठे कुर्सी पर बड्डू,खाने लगे उठा कर लड्डू
मस्त हुए दस लड्डू खा कर लगे नाचने हथ उठा कर .
हँसने लगे अचानक यों ही ,बात हुई क्या बोला कोई .
*
लंका में तूफान उठा है ,हनूमान को नहीं पता है .
जीते राम, गए लंका में ,त्रिजटा पड़ी बड़ी शंका में ,
सबके पूरे हुए काम जी ,पर कुछ सोचो, अरे राम जी ,
सूपनखा अब कहाँ जायगी ,कैसे अपना घर बनायगी ?
*.
राम और लक्ष्मण जाते हैं उसका न्याय न कर पाते हैं
अब रावण भी नहीं यहाँ पर , किसके पास रहेगी जाकर .
चक्कर में पड़ गए राम जी ,उसका भी तो बने काम जी.
जुड़ी रहेगी राम-लखन से ,किन्तु काम अपने ही मन के ,
*
लक्ष्मण पुर का नाम लखनऊ,वही तुम्हारा बने धाम जू,
आधा नाम दूसरा होगा , कोई   राम   साध ही देगा
 ऐसा पहुँचा गुरु पाएगी, पर अनब्याही रह जाएगी  .
ठाठ करेगी ,राज करेगी ,मनमानी हर बात करेगी ,
*
हाथी-साथी साथ रहेंगे, लादे तेरा बोझ रहेंगे .
कलियुग में शासन की डोरी , तेरे हाथों थोरम-थोरी,
चाहे जितने ही युग बीतें ,मायाविन तेरी तरतूतें,
जुड़ी रहें माया से  माया ,सूपनखा का जनम सुनाया.
*
अब  वह धरती पर आई है ,अपनी  माया फैलाई है
इच्छा पूरी होय तुम्हारी ,पूरी कर दी जुम्मेदारी .
कुर्सी- माया जाय न जानी , बड्डू जी ने कही ज़बानी.
प्रकटी माया  राम धन्य हो ,सूपनखा कलि में प्रणम्य हो !
*

मंगलवार, 25 मार्च 2014

जुड़ीं क्षिति की टूटती जीवन-लकीरें..

{क्षीण होती शिप्रा और सतत प्रवाहिनी नर्मदा के,मनुज 
के भागीरथी प्रयत्नों द्वारा प्रायोजित, संगम से उत्प्रेरित -}
*
आज शीतल हो गए मन-प्राण ,
सुख का ज्वार उमड़ा ,
मेखला कटि की विखंडित अब न होगी .
मालवा की भूमि यों दंडित न होगी ,
और उत्तरगामिनी शिप्रा पुनीता ,
अब किसी उत्ताप से कुंठित न होगी .
*
अब न सूखेगा कभी
कितनी  तपन हो ,
तुष्टि से परिपूर्ण  
रुक्ष- विदीर्ण अंतर.
तटों का वैभव न अब श्री-हीन होगा 
आस्थाएँ जी गईँ  विश्वास से भर .
जुड़ीं क्षिति की टूटती जीवन-लकीरें,
राग शिप्रा और रेवा के मिले 
जल ने तरल रँग से 
लिखे  नूतन स्वराक्षर.
*
हो गई थी मनुज के अतिचार की अति,
असीमित तृष्णा,विषम व्यवहार की गति,
प्रकृति पर निस्सीम अत्याचार , दुर्मति,
 पाप, बन कर  शाप सिर पर आ पड़ा,
तब बौखलाया मनुज,
विपदा-ग्रस्त बेबस .
उमड़ता परिताप- पश्चाताप से भर,
दिग्भ्रमित साधन न कोई ,आश कोई,
विपद् में  अनयास माँ ही याद आई .
*
विषम अंतर्दाह भर कातर हुआ स्वर -
'शमित कर दो पाप ,
यह क्षिति-तल सँवारो ,
नर्मदे, इस तट पधारो, 
शाप के प्रतिकार हित माँ  ,
चेत-हत शिप्रा गँभीरा को उबारो,
आदिकल्पों से धरा को पोसती
हे मकर वाहिनि  ,
मुमूर्षित यह भू उबारो
अमृत-पय धारिणि, पधारो !'
  *
चल पड़ा क्रम साधना का
एक ही रट ले कि माँ अनुकूल होओ .
जन-मनोरथ जुट गया अविराम 
करता अगम तप , मन-कर्म-वच रत ,
'माँ ढलो  ,इस दिशि चरण धर
त्रस्त जीवन को सँवारो ,
शाप से उद्धार हित, 
सोमोद्भवे रेवा पधारो ,
माँ ,उबारो !'
*
आशुतोषी नर्मदा  की धन्य धारा
 झलझलाया नीर ,
करुण पुकार  सुन विगलित मना ,
उन्मुख हुईँ,
माँ नर्मदा ले उमड़ता उर
वेग भर बाहें पसारे ,
चल पड़ीं दुर्गम पथों को पार करती,
आ गई संजीवनी बन .
*
क्षीण शिप्रा,उमग आई  चेत भर
 भुज भर मिलीं आकंठ
 आलिंगन सुदृढ़ अविछिन्न !
नेह ! जल में जल सजलतर हो समाया,
कण ,कणों में घुले,
अणु में अणु  गये  ढल  ,
मिलन के कुछ सुनहरे पल ,
लिख गये स्वर्णाक्षरों में
मनुज की भागीरथी
श्रम-साधना के पृष्ठ उज्ज्वल !
*
पुण्य संगम , 
तीर्थ की महिमा महत्तम,
निरखते अनिमेष
युग-युग से पिपासित नयन ,
 दुर्लभ तृप्ति ,परमाश्वस्ति
 मैं साक्षी
 यही सौभाग्य क्या कम !
सिक्त प्राणों में अनोखी स्वस्ति.
 हो कृतकृत्य अंतर
 शान्त, स्निग्ध, प्रसन्न !
*
अमल -शीतल परस ,
यह नेहार्द्र धरती,
सरस्वति के हास से धवलित दिशाएँ ,
रजत के शत-शत चँदोबे
तानती निर्मल निशाएँ ,
सतत दिव्यानुभूति भरती
ओर-छोर अपार सुख-सुषमा प्रवाहित.
*
हरित वन में उठ रही हो 
टेसुओं की दहक ,
नयन-काजल पुँछे
माँ के श्याम आँचल की महक .
इस  प्राण-वीणा में बजे अविराम
जन्मान्तर-जनम तक
जल-तरंगित, रम्य शिप्रा के क्वणन.
अहर्निश, अनयास,अव्यय            
अनाहत ,अविछिन्न
अनहद-नाद की सरगम !
*

गुरुवार, 20 मार्च 2014

सत-बहिनी

{  कत्थई-भूरे रंग की पीली चोंचवाली चिड़ियाँ होती हैं जिनका का पूरा झुंड पेड़ों पर या,क्यारियों में आँगन में उतर कर चहक-चहक कर खूब शोर मचाता है .
उनके विषय में एक  कथा प्रचलित है - सात बहनें थी,और सबसे छोटा एक भाई। सातों बहनें एक ही गाँव में ब्याही थीं। आगे कथा इस प्रकार चलती है -}

अँगना में रौरा मचाइल चिरैयाँ सत-बहिनी !
बिरछन पे चिक-चिक ,किरैयन में किच-किच
चोंचें नचाइ पियरी पियरी !चिरैयाँ सत-बहिनी ..

एकहि गाँव बियाहिल सातों बहिनी,मइके अकेल छोट भइया ,
'बिटियन की सुध लै आवहु रे बिटवा ' कहि के पठाय दिहिल मइया !

'माई पठाइल रे भइया ', मगन भइ गइलीं चिरैंयाँ सत-बहिनी !'

सात बहिन घर आइत-जाइत ,मुख सुखला ,थक भइला ,
साँझ परिल तो माँगि बिदा ,भइया आपुन घर गइला !
अगिल भोर पनघट पर हँसि-हँसि बतियइली सतबहिनी !

'हमका दिहिन भैया सतरँग लँहगा' ,'हम पाये पियरी चुनरिया' ,
'सेंदुर-बिछिया हमका मिलिगा' ,'हम बाहँन भर चुरियाँ' !
'भोजन पानी कौने कीन्हेल',अब बूझैं सतबहिनी !
'का पकवान खिलावा री जिजिया' , 'मीठ दही तू दिहली' ,
'री छोटी तू चिवरा बतासा चलती बार न किहली !'
तू-तू करि-करि सबै रिसावैं गरियावैं सतबहिनी !

'भूखा -पियासा गयेल मोर भइया , कोउ न रसोई जिमउली ,
दधि-रोचन का सगुन न कीन्हेल कहि -कहि सातों रोइली ',
उदबेगिल सब दोष लगावैं रोइ-रोइ सतबहिनी !
' तुम ना खबाएल जेठी ?', 'तू का किहिल कनइठी?' इक दूसर सों कहलीं
एकल हमार भइया, कोऊ तओ न पुछली सब पछताइतत रहिलीं !

साँझ सकारे नित चिचिहाव मचावें गुरगुचियाँ सतबहिनी !
*

रविवार, 9 मार्च 2014

सागर के नाम ,

*

लिख रही अविराम सरिता  ,
नेह के संदेश .
पंक्तियों पर पंक्ति लहराती बही जाती
 सिहरती तनु अंगुलियों से आँकती
बहती नदी जो सिक्त आखर .
 अर्घ्य की अंजलि समर्पित,
 तुम्हें सागर !
*
क्या पता कितनी नमी
चलती हवा सोखे
उड़ा ले जाय ,
वर्तुलों में घूमते इस भँवर-जल के
जाल में रह जाय.
उमड़ती अभिव्यक्तियाँ तट की बरज पा
 रेत-घासों में बिखर खो जायँ !
*
 आड़  बन कर जो खड़े ,
इन तटों से पूछो कि जो
 हर दिन-दुहपरी सुन रहे निश्वास गहरे.
लिख रही अविराम ,अनथक
 भीगते लिपि-अंकनों में,
तुम्हीं को संबोध!
सागर !
*
जन्म से अवसान तक
ये राह ,
अनगढ़ पत्थरों से
सतत टकराती बिछलती,
विवश सी ढलती-सँभलती .
तुम्हीं से उन्मुख,
तुम्हारी ओर
 सागर !
*
नियति ,कितना कहाँ  भटकाये.
नीर की इस सतह पर 
लिखती चली जो
नाम से मेरे कभी पहुँचे ,
न पहुँचे,
और ही जल -राशि में रल जाय !
या कि बाढ़ों में बहक
सब अर्थमयता ,
व्यर्थ फटक उड़ाय !
*
कर बढ़ा कर ,
तुम्ही कर लेना ग्रहण
 जो भी बचा रह जाय .
सागर!
 समा लेना
 हृदय के गहरे  अतल में,
बने जो निर्वाण मेरा ,
 लेश ही वह ,हो रहे
निहितार्थ का पर्याय !
*

शुक्रवार, 28 फ़रवरी 2014

एक नचारी -

*
अब मैं ना पीसौंगी भाँग ,
   बहाये दिहौं सिल-बट्टा.
ऊँचे पहारन से फेंको सिलौटी ,
बट्टा, धरि दैहौं दुकाय.
*
काहे को बोई .काहे को सींची ,
रगड़त मोरी उमरिया बीती ,
अब तो सुनौंगी कछु नाय .
बहाये दिहौं सिल-बट्टा.
*
काहे  बैरिनिया ,सिव मन भाई ,
भाँग पिसत मोरी दुखत कलाई, 
उझकत करिहाँ पिराय .
बहाये दिहौं सिल-बट्टा.
*
भँगिया के लोटा में भरि हौं भभूती,
झोरी में लरिकन केर लँगोटी,
मोको ई ढंग ना भाय .
बहाये दिहौं सिल-बट्टा.

छुट्टे-छड़े, तनि देखो तो लच्छन ,
चिन्ता न कोऊ कहा कहि हैं जन 
काहे  कियो रे बियाह .
बहाये दिहौं सिल-बट्टा.
*